गर्भपात के कितने दिन बाद पीरियड आता है?

गर्भपात के कितने दिन बाद माहवारी आती है? जिन महिलाओं का पहली बार गर्भपात हुआ है उनके मन में ये सवाल जरूर आता है।

गर्भपात के बाद शरीर में एस्ट्रोजन का स्तर तेजी से घटता है जिससे मासिक धर्म चक्र (period cycle) अनियमित हो जाता है। यही कारण है कि गर्भपात के बाद सही समय पर पीरियड्स नहीं आते हैं।

गर्भपात के बाद होने वाला रक्तस्त्राव

गर्भपात के बाद आपको ब्लीडिंग होगी, लेकिन इस ब्लीडिंग को मासिक धर्म (periods) की ब्लीडिंग न समझें। यह रक्तस्राव सामान्य रक्तस्राव से अलग होता है और लगभग 1-2 सप्ताह तक रहता है।

कुछ महिलाओं में यह ब्लीडिंग लगातार होती है तो कुछ में रुक-रुक कर होती है। जब ब्लीडिंग पूरी तरह से बंद हो जाती है, तो उसके कुछ हफ्ते बाद ही पीरियड्स शुरू हो जाते हैं।

कुछ महिलाओं में गर्भपात के बाद ब्लीडिंग नहीं होती है और कुछ समय बाद सीधा पीरियड शुरू हो जाते हैं।

गर्भपात के कितने दिन बाद पीरियड आता है?

गर्भपात के 4 से 8 सप्ताह बाद पीरियड आ जाता है। आमतौर पर इस पीरियड में अधिक ब्लीडिंग होती है और यह ज्यादा दिनों तक रहता है। खून के थक्के भी निकल सकते हैं।

  • यदि आपका सर्जिकल अबॉर्शन हुआ है तो पहला पीरियड कम दिनों तक रहेगा और यदि मेडिकल अबॉर्शन हुआ है तो पहला पीरियड ज्यादा दिनों तक रहेगा।
  • मेडिकल अबॉर्शन के बाद का पहला पीरियड भारी होता है जबकि सर्जिकल अबॉर्शन के बाद का पहला पीरियड हल्का होता है।

गर्भपात के बाद दूसरा पीरियड सामान्य होता है। यह पहले मासिक धर्म की तरह गंभीर या अनियमित नहीं होता है।

हालांकि कुछ महिलाओं के लिए दूसरा मासिक धर्म चक्र भी पहले वाले की तरह असामान्य हो सकता है। बहुत ही दुर्लभ मामलों में तीसरा पीरियड भी असामान्य हो सकता है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो स्त्री रोग विशेषज्ञ से बात करें।

गर्भपात के बाद पीरियड ना आए तो क्या करें?

यदि अबॉर्शन हुए आठ सप्ताह से अधिक समय हो गया है लेकिन मासिक धर्म शुरू नहीं हुआ, तो इसके निम्न कारण हो सकते हैं:

  • गर्भपात सफल नहीं हुआ है और महिला अभी भी गर्भवती है।
  • इन दिनों महिला ने गर्भनिरोधक गोलियों का इस्तेमाल किया है।

इसलिए यदि अबॉर्शन के 8 सप्ताह बाद भी पीरियड नहीं आ रहे हैं तो सबसे पहले सुनिश्चित करें कि आप प्रेग्नेंट नहीं हैं। इसके लिए आप घर पर ही प्रेगनेंसी टेस्ट कर सकती हैं। यदि आप गर्भवती नहीं हैं और न ही गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन किया है, फिर भी पीरियड्स नहीं आ रहे हैं तो अपने स्त्री रोग विशेषज्ञ से परामर्श करें।

डॉक्टर से कब बात करें?

अबॉर्शन के बाद, पहले पीरियड्स के दौरान, डॉक्टर से बात करना चाहिए, यदि:

  • बहुत अधिक ब्लीडिंग हो रही है।
  • तेज दर्द हो रहा है।
  • बड़े आकार के खून के थक्के (blood clots) निकल रहे हैं। (एक छोटे नींबू जितना थक्का निकलना सामान्य माना जाता है)
  • बुखार है या बेहोशी महसूस हो रही है।

निष्कर्ष

अब आप समझ गए होंगे कि गर्भपात के बाद पहला पीरियड कैसे और कितने दिन बाद आता है। यह पीरियड सामान्य दिनों के पीरियड से बिलकुल अलग हो सकता है।

यदि गर्भपात के बाद निश्चित समय पर माहवारी नहीं आती है, तो स्त्री रोग विशेषज्ञ से बात करें।

Scroll to Top