हेपेटाइटिस बी वायरस (HBV) से संक्रमित होने के बाद स्वस्थ आहार लेना जरूरी है। एक अच्छा और स्वस्थ आहार एचबीवी वायरस से लड़ने में हमारी मदद कर सकता है। इससे हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।
यदि आपको तीव्र (Acute) हेपेटाइटिस बी संक्रमण है तो आपको अपने आहार का अच्छे से ध्यान रखना चाहिए। उचित खानपान और दवा से तीव्र हेपेटाइटिस बी का इलाज किया जा सकता है।
यदि आपको क्रोनिक हेपेटाइटिस बी है तो भी स्वस्थ आहार लेना आवश्यक है। एक बेहतर डाइट आपके लिवर को खराब होने से बचा सकती है।
तो आइए जानते हैं कि हेपेटाइटिस बी में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं।
हेपेटाइटिस बी में क्या खाना चाहिए?
हेपेटाइटिस बी से संक्रमित रोगी अपने डाइट में निम्न आहारों को शामिल करें:
- साबुत अनाज का सेवन करें जैसे ब्राउन राइस, ओट्स, जौ और क्विनोआ (quinoa)।
- सभी प्रकार के फलों का सेवन करें।
- हरी सब्जियां भरपूर मात्रा में लें।
- लीन प्रोटीन (lean protein) खाएं।
- चुकंदर का सेवन करें। चुकंदर का जूस फायदेमंद हो सकता है।
- हेपेटाइटिस बी में अंगूर खाना चाहिए।
- हल्दी, गाजर, नींबू, लहसुन, पालक, ग्रीन टी का सेवन करें।
शरीर के सभी अंग ठीक से काम करें, यह सुनिश्चित करने के लिए भरपूर मात्रा में तरल पदार्थ का सेवन करें। आप फलों का रस या सादा पानी पी सकते हैं। शरीर को हेपेटाइटिस बी वायरस से लड़ने के लिए पानी की उचित मात्रा मिलनी चाहिए।
हेपेटाइटिस बी में क्या नहीं खाना चाहिए?
हेपेटाइटिस बी होने पर रोगी को निम्न खाद्य पदार्थों का परहेज करना चाहिए:
- वसा युक्त आहार न खाएं।
- उच्च कैलोरी वाले पदार्थ न खाएं।
- सैचुरेटेड फैट का सेवन कम करें।
- मांस का सेवन न करें तो बेहतर है।
- तैलीय पदार्थों से दूरी बनाएं। दुग्ध उत्पाद से भी परहेज करें।
- कच्चा या अधपका खाना न खाएं।
- नमक का सेवन कम करें।
- मीठे खाद्य पदार्थ जैसे केक, मिठाई, कुकीज, सोडा आदि का सेवन कम करें।
- शराब का सेवन न करें।
- सिगरेट न पिएं।
हेपेटाइटिस बी के मरीजों को अपने वजन पर नियंत्रण रखना चाहिए। इसलिए ऐसी कोई भी चीज खाने से बचें जिससे आपका वजन बढ़ सकता है। साथ ही उन चीजों से भी परहेज करें जो आपकी इम्युनिटी को कमजोर करती हैं।
हेपेटाइटिस बी के लिए सप्लीमेंट
आपको सुनिश्चित करना होगा कि आप उचित मात्रा में जरूरी विटामिन और मिनरल का सेवन कर रहे हैं। आप डॉक्टर से पूछकर जरूरी पोषक तत्वों के सप्लीमेंट का सेवन कर सकते हैं।
हालांकि, कुछ पोषक तत्व जैसे – विटामिन ए, विटामिन सी, आयरन, विटामिन बी3, विटामिन डी का अधिक सेवन कर लेने से लिवर खराब हो सकता है। इसलिए डॉक्टर की सलाह अनुसार एक उचित मात्रा में ही सप्लीमेंट लें।
निष्कर्ष
यदि आप हेपेटाइटिस बी वायरस से संक्रमित होने के साथ किसी अन्य बीमारी जैसे- डायबिटीज, ह्रदय रोग, किडनी रोग, एड्स आदि से पीड़ित हैं तो आपको खानपान में अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। इस स्थिति में आपको डॉक्टर से एक डाइट चार्ट बनवा लेना चाहिए।